प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल (UNSC) में सम़ुद्री सुरक्षा पर होने वाली ओपन डिबेट की अध्यक्षता करेंगे। यह मीटिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शाम 5.30 बजे होगी। इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति, यूनाइटेड नेशंस सिस्टम और प्रमुख क्षेत्रीय संगठनों के हाई लेवल ब्रीफर्स हिस्सा लेंगे। यह प्रोग्राम UNSC की वेबसाइट पर लाइव किया जाएगा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इसमें शामिल होंगे।
ओपन डिबेट में समुद्री डकैती और असुरक्षा का असरदार तरीके से मुकाबला करने और समुद्री क्षेत्र में कोऑर्डिनेशन मजबूत करने के तरीकों पर बात होगी। यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल ने समुद्री सुरक्षा और अपराध के पहलुओं पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पास किए हैं। यह पहली बार होगा जब इस तरह की खुली बहस में समुद्री सुरक्षा को स्पेशल एजेंडे में शामिल कर चर्चा की जाएगी।
ऐसा इसलिए क्योंकि कोई भी देश अकेले समुद्री सुरक्षा की सभी चुनौतियों से खुद नहीं निपट सकता। इस मसले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में विचार करना जरूरी है। इस कवायद का मकसद समुद्री सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर नजरिया विकसित करना और समुद्री क्षेत्र में खतरों का मुकाबला करते हुए सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देना है।