भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सभी को बधाई और स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार शाम 7 बजे तक 50.03 करोड़ डोज लगाए गए हैं। शुक्रवार को ही 43.29 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए।
देश में इसी साल 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू हुआ था। 21 जून से इसकी कमान केंद्र ने पूरी तरह अपने हाथ में ले ली। इसके बाद से केंद्र सरकार वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से 75% टीके खरीदकर उन्हें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त दे रही है। 25% सप्लाई प्राइवेट हॉस्पिटल के लिए रखी गई है।
वैक्सीनेशन के मामले में टॉप 5 राज्यों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश हैं। उत्तर प्रदेश इकलौता ऐसा राज्य है जहां 5 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। देश में अब तक 3.18 करोड़ लोग संक्रमित हुए हैं। हालांकि, एक्टिव केस सिर्फ 4.07 लाख ही हैं। 3.10 करोड़ से ज्यादा लोग रिकवर हो चुके हैं। संक्रमण से 4.26 लाख मौतें हुई हैं।