देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के मालिक मुकेश अंबानी रिटेल में अब नया दांव खेलने की तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि हाइवे किनारे स्थित रिलायंस के पेट्रोल पंपों पर वे खाने, डिजिटल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग का कारोबार करेंगे। रिलायंस BP के देश में 1,400 पेट्रोल पंप हैं। अगले पांच साल में इसे 5,500 करने की योजना है।
UK की BP के साथ ज्वाइंट वेंचर है
बताते चलें कि रिलायंस BP मोबिलिटी रिलायंस इंडस्ट्रीज और यूके की बीपी की ज्वाइंट वेंचर है। दोनों मिलकर ही इस कारोबार को आगे बढ़ाएंगी। यह दोनों रिटेल आउटलेट खोलेंगी। इन स्टोर्स में कन्वीनिएंस स्टोर्स भी होंगे। साथ में फूड स्टोर्स भी होंगे। यह सभी इसके पेट्रोल पंप पर होंगे जो हाइवे किनारे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल इन आउटलेट्स को चलाएगी। इसमें स्मार्ट प्वाइंट कन्वीनिएंस स्टोर्स होंगे। साथ ही डिजिटल स्टोर्स भी होगा।
कैफे और फूड बेवरेजेस भी होगा
इसके अलावा इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग प्वाइंट भी इनमें होगा। इसमें कैफे और अन्य फूड और बेवरेजेस के भी आउटलेट होंगे। कंपनी इसके लिए अन्य रिटेल आउटलेट के साथ भी बात कर रही है कि वे इसकी प्रॉपर्टी में अपने आउटलेट खोलें। रिलायंस इंडस्ट्रीज रिटेल में बड़ा दांव खेलने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए वह दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल ब्रांड रेस्टोरेंट चेन सबवे की भारतीय इकाई को खरीदने पर विचार कर रही है। यह क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेगमेंट की कंपनी है। इसी सेगमेंट की कंपनी जोमैटो हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुई है।