‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ से छत्तीसगढ़ में पीएम स्वनिधि के क्रियान्वयन को मिली राष्ट्रीय पहचान

‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ से छत्तीसगढ़ में पीएम स्वनिधि के क्रियान्वयन को मिली राष्ट्रीय पहचान

 

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स में ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ में राज्य को मिला द्वितीय पुरस्कार

छत्तीसगढ़ में एमएमयू से स्ट्रीट वेंडर्स के सेहत की देखभाल के नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर मिली प्रतिष्ठा

रायपुर. 24 नवम्बर 2026. पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के छत्तीसगढ़ के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। राज्य में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना के संयोजन से ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान मिला है। इस पहल के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाईयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि ने छत्तीसगढ़ की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।

ऋण शिविरों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने से पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ी

राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाना चुनौती थी। कई पथ विक्रेता इन शिविरों को आवेदन और दस्तावेजी प्रक्रिया तक सीमित मानते थे। इस समस्या के समाधान के लिए छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों से जोड़ दिया। इसके तहत हेल्थ-कम-लोन कैंप आयोजित किए जाने लगे।

इन शिविरों में पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 41 प्रकार की जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाईयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही ऋण आवेदन भरने, परिवार की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की गई।

नई पहल से ऋण आवेदनों में करीब तीन गुना वृद्धि

श्री अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। पहले जहां एक शिविर में 50-60 पथ विक्रेता पहुंचते थे, वहीं मोबाइल मेडिकल यूनिट की मौजूदगी से ये संख्या बढ़कर 120 से 150 तक हो गई। इसी तरह प्रति शिविर ऋण आवेदनों की संख्या 20-25 से बढ़कर 60 से 70 तक पहुंच गई। इस तरह ऋण आवेदनों में लगभग तीन गुना की वृद्धि दर्ज की गई।

सितम्बर-2025 से अक्टूबर-2026 के बीच 31 हजार 056 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों के माध्यम से 66 हजार 959 पात्र ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 48 हजार 523 आवेदन स्वीकृत किए गए और 46 हजार 081 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया। इसमें 32 हजार 478 प्रथम, 9110 द्वितीय और 4493 तृतीय चरण के ऋण शामिल हैं।

172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नवम्बर-2020 से अक्टूबर-2026 तक इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के जरिए कुल दो लाख तीन हजार 130 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार किया गया, 37.37 लाख लैब टेस्ट हुए और 1.24 करोड़ दवाईयों का वितरण किया गया।

पीएम स्वनिधि योजना से मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना को जोड़ने से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी भी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत तक पहुंची है। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, लैब टेस्ट और दवाईयों से प्रत्येक परिवार को अनुमानित 5000 से 7000 रुपए की वार्षिक बचत हो रही है। इससे परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होने के साथ दूसरी जरूरतों के लिए भी पैसे बच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *