भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़, जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा

भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़, जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा

 

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी

नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित गांव, पेयजल और आवास योजनाओं पर भी दिया जोर

रायपुर,  नवंबर 2026/ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस समारोह में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय वीरों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शासकीय योजनाओं से गांवों में पहुंच रही विकास की रोशनी
उप मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने बताया कि जिले में पेयजल के लिए कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज स्कीम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस योजना से अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालोद जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें।

बस्तर में लौट रही शांति और विकास की रौनक
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बस्तर क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। आज बस्तर के गांवों में दशहरा जैसे पारंपरिक पर्वों में देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है। गांवों में फिर से मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए वहां के लोगों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज का हो रहा चहुंमुखी विकास – सांसद श्री भोजराज नाग
समारोह में सांसद श्री नाग ने जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *