‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया सरगुजा, सेवा और समर्पण का लिया गया संकल्प

‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया सरगुजा, सेवा और समर्पण का लिया गया संकल्प

शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, मंदिरों, चौक-चौराहों, अमृत सरोवरों सहित विभिन्न स्थलों में प्रज्ज्वलित हुए दीए, घर- घर हुए रोशन

अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया दीप प्रज्ज्वलन

सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना- पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल

राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व का लिया गया संकल्प

रायपुर,  सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। घरों के साथ-साथ अमृत सरोवरों, शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों तथा चौक-चौराहों सहित अन्य स्थलों में पांच लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान सेवा, समर्पण, आभार, सकारात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

इसी कड़ी में अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर इस अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में प्रकाश, आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को सरगुजा की जनता की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति शासकीय योजना के लाभ से वंचित है, तो शासन और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना है। हमारा संकल्प है कि शासन की हर योजना पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचे, प्रतिभाओं को मंच मिले।श्री अग्रवाल ने कहा कि इन 25 वर्षों में सरगुजा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, जनजाति विकास, ग्रामीण विकास, सड़क एवं अधोसंरचना, रोजगार एवं कौशल विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता सहित अनेक क्षेत्रों में परिवर्तन की यात्रा तय की है। विकास की असली पहचान जनता की मुस्कान, बच्चों की शिक्षा, किसान की प्रगति, महिलाओं के आत्मविश्वास और युवाओं के रोजगार से होती है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने आह्वान किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाएं। आशीर्वाद का दीया जलाएं, सेवा के संकल्प को दोहराएं और सरगुजा की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।

लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने सभी को सेवा संकल्प अभियान की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि आज अलग-अलग स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हुए, दीप जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की भावना के प्रतीक हैं। सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा कि आज हम सभी को बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि लाखों दीयों से पूरा सरगुजा जगमगाने लगा है। यह दीया एकमात्र दीया नहीं, बल्कि एक लंबी यात्रा और लंबे संकल्प का प्रतीक है। दिए की इन लाखों लौ से आज पूरा हिंदुस्तान एक नया इतिहास रचने जा रहा है। हमारा देश दुनिया में एक अलग पहचान कायम कर रहा है। हमारा स्थान पूरी दुनिया में और अधिक शक्तिशाली बने, ये हमारी कामना है।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक महीने तक पूरे जिले में इस अभियान का संचालन किया जाएगा। अभियान के तहत सभी विभागों के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ सभी परिवारों और देश के सभी नागरिकों की तरफ से माननीय प्रधानमंत्री महोदय के प्रति आभार व्यक्त करने का एक माध्यम है। इस अभियान का उद्देश्य केवल आभार प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जितनी भी शासकीय योजनाएं हैं, उनका जमीन पर बेहतर क्रियान्वयन हो। सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत पहुँच को लेकर जो भी पात्र हितग्राही हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ मिले तथा स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार हो, इन लक्ष्यों को लेकर इस अभियान का संचालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *