इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर जा रहे यात्री जहाज विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 से जावा सागर में संपर्क टूट गया। जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन प्रांत की राजधानी बंजर्मासिन जा रहा था। संपर्क टूटने के बाद रविवार को इंडोनेशियाई रेस्क्यू टीम ने जहाज की तलाश शुरू कर दी।
बंजर्मासिन सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, जहाज के रास्ते में कम्युनिकेशन फेलियर की जानकारी मिली थी। शुरुआती जानकारी में जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजर्मासिन के एक पियर से करीब 148 किमी दूर बताई गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, जहाज से संपर्क टूटने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। अभी तक किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। रेस्क्यू टीम जहाज की लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।