देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में जेनिथ वॉटरफॉल में अचानक पानी का लेवल बढ़ गया। जिसमें 100 टूरिस्ट फंस गए, रस्सी की मदद से उन्हें निकाला गया।
महाराष्ट्र के नालासोपारा में सड़क नदी जैसी बन गई। करीब 20 कारें उसमें डूब गईं। मुंबई में 64 पेड़ गिर गए और 8 मकानों की दीवारें ढह गईं। मुंबई में अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
गुजरात के जूनागढ़ में कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भर गया। सड़क पर नाव चलानी पड़ रही है। भावनगर में एक कार पानी में बह गई।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार रात आधे घंटे के भीतर ही 30 मिमी पानी बरसा। टाटीबंध में घरों में पानी भर गया।