फिल्म ‘केडी द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर काफी विवाद हो गया है। गाने के बोलों की वजह से लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और अभिनेत्री नोरा फतेही के खिलाफ कथित फतवे तक की बातें सामने आईं। अब ‘केडी द डेविल’ के निर्देशक प्रेम ने इस विवाद पर अपनी राय पेश की है।
गाने पर हो रहे विवाद को लेकर प्रेम की राय
कई लोग कह रहे हैं कि यह विवाद फिल्म को प्रमोट करने के लिए जानबूझकर रचाया गया है, लेकिन फिल्म के निर्देशक प्रेम ने इस बात से साफ इनकार किया है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक खबर के अनुसार, ‘केडी द डेविल’ के निर्देशक प्रेम ने कहा, ‘मैं कोई विवाद नहीं चाहता। मेरी फिल्म भावनात्मक कहानी पर बनी है। यह गाना सिर्फ पार्टियों में नाचने के लिए बनाया गया था। कर्नाटक और केरल में तो लोगों को यह गाना बहुत पसंद आया है। मैं विवाद क्यों खड़ा करूंगा?’
निर्देशक ने भाषा को लेकर रखी अपनी राय
निर्देशक प्रेम का कहना है कि मूल गीत उन्होंने कन्नड़ भाषा में लिखा था। हिंदी अनुवाद गीतकार रकीब आलम ने किया था। उन्होंने स्वीकार किया कि विवादित शब्दों की उन्हें जानकारी नहीं थी क्योंकि वह हिंदी में ज्यादा अच्छे नहीं हैं। प्रेम ने कहा, ‘मैं एक गांव से हूं’, जहां गाने में जो भाषा इस्तेमाल हुई है, वह गांव में बातचीत में इस्तेमाल होती है। यह आम भाषा है।’