Google Analytics Meta Pixel
300 से ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज की एंट्री

300 से ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज की एंट्री

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ा झटका लगा। टीम का एक प्रमुख ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जिसके चलते फ्रेंचाइजी को मजबूरन बदलाव करना पड़ा। इसी कड़ी में इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज डेविड पेन को टीम में शामिल किया गया है।

चोटों से परेशान सनराइजर्स

सनराइजर्स टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिटनेस हासिल नहीं कर सके हैं शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन को अस्थायी कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एडवर्ड्स भी पैर की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। एडवर्ड्स को आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन में तीन करोड़ रुपये में खरीदा गया था और उनसे टीम को काफी उम्मीदें थीं।

डेविड पेन की एंट्री

बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के लिए क्रमशः सौरभ दुबे और डेविड पेन को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है।’ बयान में आगे कहा गया, ‘पेन, जैक एडवर्ड्स की जगह लेंगे। उन्होंने इंग्लैंड के लिए एक वनडे खेलने के अलावा दुनिया भर की टी20 लीग को मिलाकर 233 टी20 मैच खेले हैं।’ पेन को 1.5 करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा गया है, जबकि वह मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। डोरसेट के रहने वाले पेन, ग्लूस्टरशायर के एक अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और उन्होंने बिग बैश लीग और आईएलटी20 में दुनिया भर में एडिलेड स्ट्राइकर्स, पर्थ स्कॉर्चर्स, डेजर्ट वाइपर्स और द हंड्रेड में वेल्श फायर जैसी टीमों के लिए खेला है।

पेन का शानदार रिकॉर्ड

पेन का टी20 करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 233 मैचों में 304 विकेट झटके हैं, जिसमें उनका औसत 21.16 है और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/24 रहा है। हाल ही में आईएलटी20 2025-26 में उन्होंने नौ मैचों में 17 विकेट लिए, जबकि बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए खेलते हुए छह मैचों में 11 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी 300 से ज्यादा विकेट लिए हैं, जो उनके अनुभव को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *