आईपीएल 2026 के आगाज का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 28 मार्च को लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के कारण टूर्नामेंट के बड़े हिस्से से बाहर रह सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, राणा ने फरवरी में घुटने की सर्जरी कराई थी और फिलहाल वह पुनर्वास (रिहैब) की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर नजर रखे हुए है, लेकिन अभी तक उनकी वापसी की कोई तय तारीख सामने नहीं आई है। वहीं, दूसरी तरफ स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार को मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड से जुड़ गए हैं। मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में एमआई ने बताया कि हिटमैन नए सीजन से पहले टीम में शामिल हो रहे हैं!
टी20 विश्व कप से भी हो चुके हैं बाहर
अगर वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहते हैं, तो यह लगातार दूसरा बड़ा टूर्नामेंट होगा जिसे वह चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे।हर्षित राणा को यह चोट भारत के टी20 विश्व कप के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए उस अभ्यास मुकाबले में उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था, जिसके बाद उन्हें घुटने में परेशानी महसूस हुई। जांच में उनके दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव पाया गया, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया था। हालांकि सिराज को पूरे टूर्नामेंट में केवल भारत के पहले मैच में ही खेलने का मौका मिला था।
बीसीसीआई अवॉर्ड्स में मिला सम्मान
चोट के बावजूद हर्षित राणा के लिए हाल ही में एक बड़ी उपलब्धि भी सामने आई। उन्हें बीसीसीआई अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यूटेंट’ का सम्मान दिया गया। यह पुरस्कार उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को देखते हुए दिया गया, जिसने उन्हें भारतीय तेज गेंदबाजी के उभरते सितारों में शामिल कर दिया है।