Google Analytics Meta Pixel
अमेरिका निर्मित शक्तिशाली बम की पहचान, सुवर्णरेखा नदी तट पर भीड़ जमा

अमेरिका निर्मित शक्तिशाली बम की पहचान, सुवर्णरेखा नदी तट पर भीड़ जमा

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र में स्थित सुवर्णरेखा नदी तट पर बालू-मिट्टी के अंदर दबा एक संदिग्ध बम मिलने से मंगलवार को इलाके में हड़कंप मच गया। बरामद बम पर अंग्रेजी में अमेरिका मेड, यूएसओ लिखा हुआ है, जिससे यह आशंका जतायी जा रही है कि यह अमेरिका में बना करीब 500 पाउंड (लगभग 227 किलो) का शक्तिशाली बम है जो अब तक फटा नहीं है और बेहद खतरनाक स्थिति में है। इधर ईरान के साथ इजराइल और अमेरिका के युद्ध के बीच यहां नदी तट पर मिट्टी और रेत के अंदर दबे बम मिलने से कई तरह की आशंका लोगों में गहरा गयी है।बम बरामदी की जानकारी मिलते ही आस पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सिलेंडर के आकर के बरामद बम को देखने के लिए भीड़ जुट गयी। नदी किनारे लोगों की भीड़ समय के साथ बढ़ती गयी और हर कोई इस रहस्यमयी वस्तु को देखने के लिए उत्सुक नजर आया। हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि या कोई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है।वहीं विशेषज्ञों के अनुसार यूएक्सओ यानी ऐसा बम या गोला-बारूद जो गिरा तो था, लेकिन फटा नहीं, अत्यंत खतरनाक होता है और कभी भी विस्फोट कर सकता है. ऐसे में इस तरह की वस्तु के पास जाना या उसे छेड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बम निरोधक दस्ता भेजकर इस विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बुजुर्गों से मिली जानकारी के आधार पर यह बताया जा रहा है कि वर्ष 1971 के युद्ध के दौरान इस क्षेत्र में हवाई गतिविधियां हुई थीं। लोगों का कहना है कि उस समय युद्ध के दौरान विमान द्वारा हथियार और गोला-बारूद ले जाया जा रहा था। किसी कारणवश विमान को हल्का करने के लिए कुछ सामान नीचे गिरा दिया गया था। बाद में प्रशासनिक बलों ने आकर कुछ विस्फोटकों को हटाया या निष्क्रिय किया था लेकिन यह बम उसी समय से यहां मिट्टी और नदी के रेत के अंदर दबा रह गया, ऐसा लोग मान रहे हैं।बहरागोड़ा के थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि 2018 में एक बार कलाईकुंडा एयरबेस का एक लड़ाकू विमान बहरागोड़ा के महुलडांगरी के आस पास क्रैश हुआ था। जहां आज बम की तरह वस्तु बरामद हुआ है संभवत: उसी लड़ाकू विमान से गिरने की आशंका हो सकती है। जो नदी के रेत और मिट्टी में दब गया हो सकता है।अब नदी के बहाव से रेत और मिट्टी के हटने से वह बाहर निकला है। इसकी जानकारी ग्रामीण एसपी को दी दे दी गयी है।लोगों को छेड़छाड़ करने से मना किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *