टी20 विश्वकप 2026 के फाइनल में भारत ने इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जैसे ही न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा, पूरा स्टेडियम जश्न में डूब गया।
यह पल भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक था, लेकिन इसी ऐतिहासिक क्षण के दौरान कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय कोच और दिग्गज खिलाड़ी रवि शास्त्री एक बड़ी गलती कर बैठे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना होने लगी।
आखिरी विकेट को बता दिया ‘नौवां’
भारत की जीत जैसे ही पक्की हुई, करोड़ों दर्शक टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उस पल को देख रहे थे। उसी दौरान रवि शास्त्री ने कमेंट्री करते हुए आखिरी विकेट को ‘नौवां विकेट’ बता दिया। इतने बड़े मैच के निर्णायक पल में हुई इस गलती को फैंस ने तुरंत पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर इस पर चर्चा शुरू हो गई और कई लोगों ने इसे बेहद शर्मनाक भूल बताया।
सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
कमेंट्री में हुई इस गलती के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों ने कहा कि इतने बड़े ऐतिहासिक मौके पर ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए थी। कुछ लोगों ने इसे ‘भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे अहम पल में हुआ अविश्वसनीय ब्रेन फेड’ बताया। उनका कहना था कि ऐसे क्षण बार-बार टीवी पर दोहराए जाते हैं और हमेशा याद रखे जाते हैं।
2011 की मशहूर कमेंट्री से तुलना
रवि शास्त्री का नाम क्रिकेट कमेंट्री की दुनिया में एक खास जगह रखता है। खासकर 2011 वनडे विश्वकप फाइनल में उनकी मशहूर लाइन आज भी क्रिकेट फैंस को याद है। उस समय एमएस धोनी के विजयी छक्के पर उन्होंने कहा था, ‘धोनी फिनिशेज इट ऑफ इन स्टाइल।’ यह लाइन क्रिकेट इतिहास की सबसे आइकॉनिक कमेंट्री में गिनी जाती है, लेकिन 15 साल बाद उसी कमेंटेटर से फाइनल के निर्णायक पल में हुई गलती ने फैंस को निराश कर दिया।