ईरान के इस्फहान प्रांत में मंगलवार को एक मिलिट्री हेलिकॉप्टर फल और सब्जी मार्केट पर गिर गया। हादसे में पायलट और को-पायलट समेत चार लोगों की मौत हो गई।
ईरानी सरकारी टीवी के मुताबिक, सेना का हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग पर था। क्रैश के बाद बाजार इलाके से धुआं उठता दिखा। घटनास्थल पर हादसे के बाद चारों तरह मलबा बिखर गया।
समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, बाजार में मौजूद दो नागरिकों की भी मौत हुई। ईरान में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा सैन्य विमान हादसा है। इससे पहले पश्चिमी शहर हमेदान के पास एक एफ-4 फाइटर जेट क्रैश हुआ था, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई थी।
ईरान में सैन्य और कमर्शियल विमानन बेड़ा काफी पुराना है। पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण विमान के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति नहीं हो पाती है, जिसके चलते मेंटेनेंस और ऑपरेशन पर असर पड़ता रहा है।