नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी (Delhi) में संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों (Security Agencies) ने शहर को हाई अलर्ट पर रख दिया है। खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी (surveillance in sensitive areas) बढ़ा दी है और बड़े धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा को विशेष रूप से मजबूत किया गया है।
संभावित निशाने पर भीड़भाड़ वाले इलाके
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा राजधानी में हमले की साजिश रच सकता है। खुफिया रिपोर्टों में पुरानी दिल्ली के व्यस्त बाजारों और प्रमुख स्थलों को संभावित लक्ष्य बताया गया है। इनमें लाल किला के आसपास का इलाका और चांदनी चौक विशेष रूप से संवेदनशील माना जा रहा है। इसी क्षेत्र में स्थित गौरी शंकर मंदिर जैसे धार्मिक स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है, जहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
‘रिवेंज’ एंगल की जांच
खुफिया एजेंसियां इस आशंका की भी जांच कर रही हैं कि यह साजिश हाल में इस्लामाबाद में हुए एक धमाके के बाद कथित “बदले” की सोच से जुड़ी हो सकती है। उस घटना में कई लोगों की जान गई थी। हालांकि भारत ने इस तरह के आरोपों या संकेतों को सिरे से खारिज किया है और उन्हें पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति से जोड़कर देखा है।