नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर्स के साथ मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ के बाद दो शूटर्स को गिरफ्तार किया गया है. बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) जोन-1 रविंद्र यादव ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी हाल ही में पश्चिम विहार ईस्ट और मधु विहार में हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल थे.
स्पेशल सीपी रविंद्र यादव ने बताया कि नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के एंटी-नारकोटिक्स टीम को एक अहम सुराग मिला था, जिसके आधार पर टीम ने बराड़ी इलाके में दोनों बदमाशों को इंटरसेप्ट किया. बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी दीपक के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी जो नाबालिग है, उसको भी मौके से पकड़ लिया गया. दोनों के पास से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं.