Rabri Devi Bunglow Shift: बिहार की राजनीति में करीब दो दशकों तक प्रभावशाली रहा लालू परिवार अब अपने सरकारी आशियाने को खाली करने को मजबूर हो गया है। पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नाम आवंटित 10 सर्कुलर रोड बंगले को आखिरकार खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिहार सरकार की ओर से नोटिस जारी होने के बाद शुरू में परिवार ने इसका विरोध किया, लेकिन अंततः राबड़ी देवी को यह बंगला छोड़ना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सरकार की ओर से जब आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था, तब यह उम्मीद की जा रही थी कि शायद कोई रास्ता निकल आएगा। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और निर्धारित समयसीमा पूरी होने पर बंगला खाली कराने की कार्रवाई शुरू हो गई। सरकार ने राबड़ी देवी को वैकल्पिक रूप से 39 हार्डिंग रोड पर सरकारी बंगला आवंटित किया है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह वहीं शिफ्ट होंगी या किसी अन्य स्थान पर जाएंगी।