पाकिस्तान क्रिकेट में गड़बड़झाला होते ही रहता है. कभी खिलाड़ियों की लड़ाई तो कभी बोर्ड और खिलाड़ियों की लड़ाई, तो कभी मैच फिक्सिंग जैसे बवाल. तमाशे और पाकिस्तान क्रिकेट का बहुत पुराना साथ है. ऐसी ही गड़बड़ियों में से एक है ‘एज फ्रॉड’ यानि उम्र से जुड़ी धोखाधड़ी, जो पाकिस्तान क्रिकेट में खूब फैली हुई है. इसको लेकर अक्सर ही पाकिस्तान क्रिकेट में आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं. मगर अब तो पाकिस्तान के ही एक पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने बड़ा दावा किया है कि अंडर-19 टीम के खिलाड़ी खुद को 17-18 साल का बताते हैं लेकिन उम्र काफी ज्यादा होती है |
हाल ही में पाकिस्तान ने अंडर-19 एशिया कप 2025 का खिताब जीता था. इसके बाद से ही पाकिस्तानी टीम की उनके देश में जमकर वाह-वाही हो रही है. मगर जश्न के इस माहौल के बीच में पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ ने पाकिस्तान में अंडर-19 क्रिकेट की हकीकत को सबके सामने लाकर रख दिया है. आसिफ ने पाकिस्तान क्रिकेट में एज फ्रॉड की कड़वी सच्चाई का जिक्र किया है और देश के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी तक को इसका गुनहगार बताया है |